मथुरा में दो होटलों में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ , पुलिस ने 7 युवतियां और 10 युवक को किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी

मथुरा में धार्मिक नगरी का माहौल इन दिनों लगातार चर्चा में है। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में गांजा और शराब की बरामदगी के बाद अब देह व्यापार से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। यह कार्रवाई यमुना एक्सप्रेसवे से सटे राया कट इलाके में की गई, जहां पुलिस ने दो होटलों पर छापा मारकर देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया।

सीओ महावन संजीव कुमार राय के नेतृत्व में शनिवार को की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित रॉयल होटल एंड रेस्टोरेंट और न्यू सांवरिया गेस्ट हाउस को घेरकर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से सात युवतियों और दस युवकों को गिरफ्तार किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

इस रैकेट में शामिल युवतियां अलग-अलग राज्यों से

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस रैकेट में शामिल युवतियां अलग-अलग राज्यों से हैं, जिनमें अलीगढ़, पश्चिम बंगाल, पंजाब और दिल्ली की रहने वाली लड़कियां शामिल हैं। वहीं, पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और यह गिरोह कैसे लंबे समय से होटल की आड़ में यह अवैध धंधा चला रहा था।

पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई

स्थानीय लोगों के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास के होटलों में पिछले कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियां बढ़ी थीं, लेकिन इस तरह की बड़ी कार्रवाई पहली बार हुई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह का संबंध नोएडा और दिल्ली से आने वाले ग्राहकों से है, जो यहां आकर रुकते थे। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button