
लखनऊ : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) में पैसों के बदले टिकट बेचे जाने के आरोपों को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित वीडियो पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। भारत समाचार से बातचीत करते हुए अरुण राजभर ने इस वीडियो को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से मनगढ़ंत और फर्जी करार दिया है। उन्होंने विरोधियों और सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव और राजनीतिक सरगर्मियों के बीच ऐसे फर्जी वीडियो अक्सर सामने आते रहते हैं।
अरुण राजभर ने इस कथित खुलासे पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा, “कुछ लोग सिर्फ अपनी राजनीतिक और डिजिटल दुकान चलाने के लिए इस तरह के भ्रामक और झूठे वीडियो सोशल मीडिया पर फ्लोट करते हैं।” उन्होंने साफ किया कि इस वीडियो में दिखाए गए या कहे गए दावों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है और यह केवल सुभासपा की बढ़ती साख और छवि को धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।
हालांकि, आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सुभासपा महासचिव ने यह भी जोड़ा कि पार्टी इस पूरे मामले को हल्के में नहीं ले रही है। अरुण राजभर ने कहा, “भले ही यह वीडियो प्रथम दृष्टया फर्जी नजर आ रहा है, लेकिन हम इसकी आंतरिक और कानूनी स्तर पर गहन जांच कराएंगे ताकि इसके पीछे छिपे किरदारों और साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश किया जा सके।” यूपी की सियासत में इस वायरल वीडियो और राजभर के इस बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।









