
उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने जमकर आतंक मचा दिया। गोपालगंज हरियावर गांव में कुत्तों के हमले से पशुपालक को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों ने भेड़ों के झुंड पर हमला कर दिया और करीब 20 भेड़ों को नोच-नोचकर मार डाला। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
60 भेड़ों की जान चली गई
कुत्तों के हमले से बचने के लिए भेड़ों में भगदड़ मच गई, जिसकी वजह से कई और भेड़ों की मौत हो गई। पशुपालक के मुताबिक भगदड़ और हमले के कारण करीब 60 भेड़ों की जान चली गई, जबकि 18 से अधिक भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। अचानक हुई इस घटना से पशुपालक परिवार सदमे में है।
पशुपालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ
इस हमले के बाद पशुपालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके। स्थानीय लोगों ने भी आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए पशुपालक अपनी नुकसान की भरपाई का इंतजार कर रहे हैं। यह पूरा मामला बांगरमऊ के गोपालगंज हरियावर गांव का है।









