औरैया में दर्दनाक हादसा, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर डंपर में घुसी कार; 4 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अछल्दा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से डंपर में जा टकराई, जिससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार काफी तेज गति में थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोगों को बचने का मौका नहीं मिला।

वाहन में एयरबैग की सुविधा नहीं थी और कार सवारों ने सीट बेल्ट भी नहीं लगाई थी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि वाहन में एयरबैग की सुविधा नहीं थी और कार सवारों ने सीट बेल्ट भी नहीं लगाई थी। पुलिस का मानना है कि हादसे की गंभीरता बढ़ने की एक बड़ी वजह यही लापरवाही रही।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बिधूना क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। मृतकों की पहचान मोहम्मद जमाल, शकीला बानो, रिहाना बानो और मोहम्मद फिरोज के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तकनीकी जांच के लिए आई-रेड ऐप की मदद ली जा रही है, जिसमें वाहन की स्थिति, ब्रेक, स्टीयरिंग, टायर के निशान और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button