मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा, टायर फटने से बेकाबू ट्रक घर में घुसा, परिवार के 3 लोगों की मौत

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन गांव में एक अनियंत्रित ट्रक घर में घुस गया, जिससे घर में सो रहे परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

तेज रफ्तार ट्रक का अचानक टायर फट गया था

जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। ट्रक की टक्कर से घर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे में दबने से तीन लोगों की जान चली गई।

नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने जाम लगा दिया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने हादसे के जिम्मेदारों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मदद देने की मांग की है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button