
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां जर्जर मकान भरभराकर गिरने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
करीब 100 साल पुराना मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था
बता दे कि यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब 100 साल पुराना मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था। देर रात अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे कमरे में सो रहे परिवार के लोग मलबे में दब गए।बताया जा रहा है कि गर्मी और बारिश के मौसम में एसी के कारण परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान मकान गिरने से पूरा परिवार हादसे की चपेट में आ गया।
परिवार के 6 सदस्यों की मौके पर ही मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन परिवार के 6 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।मृतकों में मां-बाप, बहू-बेटा और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। वहीं एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली है। पुलिस और राहत टीमों द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।









