
उन्नाव. यूपी विधानसभा चुनाव के 7वें व अंतिम चरण का मतदान कल यानि सात मार्च को होना है। वहीं यूपी चुनाव के फाइनल नतीजे 10 मार्च को आएंगे। इसी बीच अयोध्या डीएम के साइन बोर्ड के बाद अब उन्नाव में पार्क के झूलों का रंग बदला गया है।उन्नाव के निराला उद्यान के झूले सपाई रंग में रंगे गए है। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद लोगों में चर्चा का विषय बन गया है।
उन्नाव शहर के प्रमुख पार्क के झूलों पर चढ़ा सपाई रंग चर्चा का विषय बना हुआ है। पहले सभी झूलों पर पीला रंग था। फोटो वायरल होने के बाद अब बगले झांकते अधिकारी सफाई दे रहे हैं। बता दें, बदले रंग से निराला उद्यान के झूले चर्चाओं में आए। निराला उद्यान डीएम कार्यालय में बगल में स्थित है। बता दें, इससे पहले रामनगरी अयोध्या में जिलाधिकारी नीतीश कुमार के आवास के बोर्ड का रंग भगवा से हरा कर दिया गया था।
आमतौर पर यह देखा जाता है कि सरकार बदलने के साथ ही सरकारी दफ्तरों व अधिकारियों के रंग बदलते रहे हैं। लेकिन इस साल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के पहले ही धार्मिक नगरी अयोध्या और फिर उन्नाव में रंग बदलने की चर्चा ने सियासत को एक नई हवा दे दी है। लोगों का कहना है कि कहीं ये सत्ता परिवर्तन की आहट तो नहीं है। कहा जाता है कि सत्ता परिवर्तन की आहट अफसरशाही को पहले हो जाती है। कहीं रंग परिवर्तन सत्ता परिवर्तन का तो संकेत नहीं दे रहा है।