कॉकरोच जनता पार्टी का आगे का प्लान क्या? अभिजीत दीपके बोले- अभी चुनाव नहीं, जन आंदोलन पर रहेगा फोकस

जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अब संगठन की आगे की रणनीति तैयार करने में जुट..

जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अब संगठन की आगे की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। अभिजीत दीपके के घर पर कॉकरोच जनता पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक शुरू होने जा रही है, जिसमें आंदोलन की दिशा और भविष्य की योजना पर चर्चा की जाएगी।

इससे पहले अभिजीत दीपके ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को दिए इंटरव्यू में साफ किया कि फिलहाल उनका राजनीति में उतरने का कोई प्लान नहीं है। हालांकि, उन्होंने भविष्य में राजनीतिक पार्टी बनाने की संभावनाओं से इनकार भी नहीं किया है।

Gen Z से राय लेकर तय होगा CJP का एजेंडा

अभिजीत दीपके ने कहा कि संगठन अब युवाओं यानी Gen Z से राय लेना चाहता है कि वे किन मुद्दों को प्राथमिकता देना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि समर्थक बुधवार से दो दिनों तक बैठक करेंगे, जिसमें आगे के कदमों को लेकर फैसला लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कॉकरोच जनता पार्टी का एजेंडा तय करना और यह चर्चा करना है कि इस सामाजिक आंदोलन को आगे किस तरह बढ़ाया जाए।

‘अभी नई राजनीतिक पार्टी बनाना सही रास्ता नहीं’

अभिजीत दीपके ने कहा कि फिलहाल तुरंत चुनाव लड़ने की उनकी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में जनता का बहुमत पार्टी बनाने की मांग करेगा तो इस पर विचार किया जा सकता है और लोगों की इच्छा के अनुसार चुनाव भी लड़ा जा सकता है।

उन्होंने कहा, “भारत में मुझे नहीं लगता कि अभी कोई नई राजनीतिक पार्टी बनाना सही रास्ता है। देश को इस समय ऐसे जन आंदोलन की जरूरत है, जो सभी संस्थानों पर लोगों का भरोसा और जवाबदेही वापस ला सके।”

युवाओं की आवाज उठाता रहेगा CJP आंदोलन

अभिजीत दीपके ने कहा कि फिलहाल कॉकरोच जनता पार्टी का पूरा ध्यान युवाओं की आवाज उठाने पर रहेगा। उनके मुताबिक, देश के कई युवा नेता, अदालतों और मीडिया से अपना भरोसा खो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि अगर CJP भविष्य में राजनीतिक पार्टी बनाती है, युवाओं के मुद्दों को लगातार उठाती है और सरकार पर दबाव बनाए रखने में सफल रहती है, तो उसे जनता का समर्थन मिल सकता है।

कॉकरोच जनता पार्टी की आगामी बैठक में आंदोलन की रणनीति, युवाओं के मुद्दों और संगठन के विस्तार को लेकर बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button