
देश में एक बार फिर कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। शनिवार तक भारत में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3,395 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि 1,435 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं।
केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं। केरल में 1,336, महाराष्ट्र में 467, और दिल्ली में 375 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। इनके अलावा गुजरात, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में भी 100 से ज्यादा सक्रिय केस हैं।
महाराष्ट्र में शनिवार को 68 नए केस सामने आए, जिनमें से 30 मुंबई, 15 पुणे और बाकी कल्याण-डोंबिवली व रायगढ़ क्षेत्र से हैं। वहीं, दिल्ली में 60 वर्षीय महिला की मौत हुई है, जो कोविड पॉजिटिव थी, लेकिन मौत का कारण आंत की बीमारी बताया गया है।
कर्नाटक में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बेंगलुरु में 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई, जो कैंसर, टीबी से पीड़ित था और कीमोथेरेपी ले रहा था। राज्य में अब तक कोरोना से चार मौतें हो चुकी हैं। कर्नाटक सरकार ने स्कूलों को सुरक्षा के निर्देश दिए हैं, क्योंकि जून से स्कूल खुलने वाले हैं।
सरकार ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। ज्यादा मरीजों की हालत गंभीर नहीं है और वे घरों में ही इलाज ले रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है। भीड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई है।









