रणबीर कपूर की Ramayana ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, अब धुरंधर 2 को दे रही टक्कर

मनोरंजन डेस्क : रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायणम्’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 15 दिन बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बरकरार है। खास बात यह है कि वर्किंग डे होने के बावजूद फिल्म ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत पकड़ बनाए रखी है। अब फिल्म की नजर रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन पर है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस माइथोलॉजिकल फिल्म ने गुरुवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 19 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, दुनियाभर में फिल्म की एक दिन की कमाई लगभग 28.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

15 दिनों में 1547 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन

फिल्म ने 155 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की थी। पहले सप्ताह में ही इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1000 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया था। अब 15 दिनों के कारोबार के बाद फिल्म की कुल वैश्विक कमाई लगभग 1547.15 करोड़ रुपये हो गई है।

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को धुरंधर 2 का लाइफटाइम रिकॉर्ड पार करने के लिए अभी करीब 305 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। ऐसे में आने वाले दिनों का प्रदर्शन काफी अहम रहने वाला है।

घरेलू बाजार के साथ विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन

‘रामायणम्’ को भारत के साथ विदेशी बाजारों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 863.75 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जबकि ओवरसीज मार्केट से लगभग 515 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

विदेशों में नॉर्थ अमेरिका और कनाडा का बाजार फिल्म के लिए काफी अहम साबित हुआ है। इन दोनों जगहों से फिल्म ने 235 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। वहीं, गल्फ देशों में करीब 50.76 करोड़ रुपये और ऑस्ट्रेलिया में लगभग 39.48 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है। ब्रिटेन में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा है। इसके अलावा थाईलैंड, नेपाल और मलेशिया जैसे बाजारों में भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।

क्या धुरंधर 2 का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी रामायणम्?

15 दिनों में 1547 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाली ‘रामायणम्’ अब एक बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड के करीब पहुंच चुकी है। फिल्म को धुरंधर 2 के लाइफटाइम कलेक्शन से आगे निकलने के लिए लगभग 305 करोड़ रुपये का कारोबार और करना होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि रणबीर कपूर की यह फिल्म आने वाले दिनों में कितनी नई उपलब्धियां हासिल करती है।

Related Articles

Back to top button