
Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र का मंगलवार को 12वां दिन है। आज संसद में फिर से हंगामा हो सकता है। क्योंकि संसद में हुई सुरक्षा चूक मामले में विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। स्पीकर के लाख मना करने के बावजूद हंगामा करने पर विपक्षी दल के सांसदों पर निलंबन की कार्रवाई हो रही है। अब तक सत्र में 92 सांसदों को सस्पेंड किया जा चुका है।
सोमवार को सदन में कार्यवाही के दौरान हंगामा करने पर लोकसभा और राज्यसभा से कुल 78 सांसद को सस्पेंड कर दिया गया। जिसमें राज्यसभा से 45 और लोकसभा से 33 सांसदों शामिल हैं। इससे पहले राज्यसभा से एक और लोकसभा से 13 विपक्षी सांसदों को निलंबित किया गया था।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सोमवार को कहा था कि संसद की सुरक्षा की चूक मामले में उच्चस्तरीय जांच चल रही है। मामले में जांच कमेटी बनाई गई है। पहले भी जब इस तरह ही की घटनाएं हुई, तो स्पीकर के माध्यम से जांच प्रक्रिया आगे बढ़ी। घटना पर राजनीति हो रही है। सदन में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत चर्चा होनी चाहिए।









