
डेस्क : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को उनके आवास पर जाकर भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन और बिहार के दो बार पूर्व मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया था।
इस कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए द्रोपदी मुर्मू से ये सम्मान उनके पुत्र पी. वी. प्रभाकर राव ने लिया था। वहीं चौधरी चरण सिंह के पोते और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी भारत रत्न पुरस्कार लेने पहुंचे थे।
स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति से पुरस्कार लिया। लालकृष्ण आडवाणी को भी ये सम्मान दिया जाना था, लेकिन बीमारी के कारण इस मौके पर वे उपस्थित नही हुए।
समारोह में उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई गणमान्य मौजूद रहे। सरकार ने इस साल पांच भारत रत्न पुरस्कारों का ऐलान किया था। इसमें एक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दिग्गज नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी भी शामिल हैं।









