राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामला : धर्म सेना प्रमुख संतोष दुबे ने SSP को भेजी तहरीर, FIR न होने पर कोर्ट जाने की चेतावनी

अयोध्या: राम जन्मभूमि परिसर में राम मंदिर के दानपात्र और चढ़ावे में हुई चोरी का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब धर्म सेना के प्रमुख संतोष दुबे ने भी मोर्चा खोल दिया है। संतोष दुबे ने अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को एक लिखित तहरीर भेजकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग तेज कर दी है। धर्म सेना प्रमुख का आरोप है कि रामजन्मभूमि थाने में शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा इस मामले में कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

संतोष दुबे ने स्थानीय पुलिस के ढुलमुल रवैए का विरोध करते हुए रजिस्टर्ड डाक (स्पीड पोस्ट) के जरिए अपनी शिकायत अयोध्या एसएसपी को भेजी है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में साफ कहा है कि यदि इस बड़े घोटाले और चोरी के मामले में जल्द ही नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी एक्शन नहीं लिया गया, तो वे न्याय के लिए माननीय न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। धर्म सेना की इस सक्रियता और अदालती कार्रवाई की चेतावनी के बाद अयोध्या पुलिस प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े हलकों में हड़कंप मच गया है। चढ़ावे की हेराफेरी को लेकर लगातार उठ रहे सवालों ने इस मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है।

Related Articles

Back to top button