
भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब राहुल गाँधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकल चुके हैं। मणिपुर से चली यह यात्रा महाराष्ट्र में जाकर समाप्त होगी। इस यात्रा के क्रम में कांग्रेस युवराज मणिपुर से निकलकर इन दिनों असम में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी बीच वो असम के माजुली जिले में पहुंचकर औनियाती सत्र में शामिल हुए। इस दौरान सोशल मीडिया पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला।
दरअसल, औनियाती सत्र के दौरान राहुल गांधी की एक तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसमें वह हनुमान जी का मुखौटा पहने अपने हाथ में गदा लिए हुए नजर आ रहे हैं। सूत्रों की मानें तो राहुल गाँधी ने वहां के पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के लिए ये मुखौटा पहनकर अपनी फोटो शेयर की है। जिसके बाद वो औनियाती सत्र में सम्मिलित हुए।
औनियाती सत्र में शामिल होने के बाद राहुल ने एक्स पर लिखा कि ‘आज, असम में ब्रह्मपुत्र नदी में नाव की यात्रा कर श्री श्री औनियाती सत्र के दर्शन के लिए पहुंचा। सांस्कृतिक रूप से समृद्ध, शंकर देव जी की भूमि, असम हमें सभी को साथ लेकर चलने का जीवन दर्शन सिखाती है। ऐसी महान संस्कृति को नजदीक से जानने और समझने का मौका पाकर संतोष प्राप्त हुआ।’
गौरतलब है कि कांग्रेस लीडर का यह तस्वीर ऐसे समय में सामने आया है जब पूरा भारत में राम रंग में डूबा हुआ है। अयोध्या में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह नजदीक है। ऐसे में उनका यह नया रूप कई सवाल खड़े कर रहा है। सियासी बुद्धिजीवियों का मानना है कि कांग्रेस अब हिन्दुओं को जोड़ने की कवायद में लग चुकी है।









