
लखनऊ: गोमतीनगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास बुधवार सुबह एक युवती को कार से टक्कर मारकर फरार होने का मामला सामने आया है। युवती ने पुलिस को दी जानकारी में अपने परिचित युवक पर कार से टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिलेशनशिप को लेकर विवाद का आरोप
पुलिस के मुताबिक, युवती ने बताया कि वह शहनवाज अली के साथ रिलेशनशिप में थी। बुधवार सुबह वह जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास चाय पीने गई थी। इसी दौरान शहनवाज अली अपने दोस्त दानिश और दो अन्य युवतियों के साथ कार से वहां पहुंचा।
अन्य युवतियों को लेकर हुआ विवाद
युवती का आरोप है कि अन्य युवतियों के साथ संबंध को लेकर विरोध करने पर शहनवाज और दानिश ने उससे विवाद और गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों कार लेकर वहां से जाने लगे। युवती के मुताबिक, उसने कार रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान शहनवाज ने उसे कार से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
वाहन नंबर के आधार पर तलाश
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर शहनवाज अली और दानिश की तलाश में पतारसी-सुरागरसी कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।









