
उत्तर प्रदेश में मानसून की जोरदार दस्तक के साथ ही भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश ने तापमान को तेजी से नीचे गिराया है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश भर में अगले एक सप्ताह तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है, जिससे कहीं हल्की तो कहीं जोरदार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
इन जिलों में जमकर बरसे बादल
मानसून की मेहरबानी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के कई जिलों में जलस्तर बढ़ गया है। बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बहराइच 113 मिमी बारिश के साथ सबसे ऊपर रहा। वहीं बिजनौर में 95 मिमी, ललितपुर में 93 मिमी और बुलंदशहर में 72 मिमी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। संभल और हमीरपुर में भी 65-65 मिमी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, कई शहरी इलाकों में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे आवागमन में लोगों को हल्की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तापमान में भारी गिरावट
एक ओर जहां राज्य के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर है, वहीं दूसरी ओर बारिश वाले क्षेत्रों में पारा लुढ़क गया है। पिछले 24 घंटों में फतेहपुर (40.2°C) और फतेहगढ़ (40.0°C) सबसे गर्म जिले रहे। इसके विपरीत, बरेली (27.8°C) और गोरखपुर (28.1°C) में बारिश के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
मौसम विभाग का ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए चेतावनी जारी की है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है।
- ऑरेंज अलर्ट: बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, बहराइच, अलीगढ़, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, मथुरा और गौतमबुद्ध नगर सहित 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
- येलो अलर्ट: बिजनौर, सहारनपुर, मुरादाबाद, बाराबांकी, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी और बरेली सहित कई अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। अगले 7 दिनों तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का यह दौर जारी रह सकता है।









