
गोरखपुर– सीएम योगी ने रविवार को गोरखपुर में संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण के दो महत्वपूर्ण पक्ष हैं। पहला सरकार की उपलब्धियां और दूसरा भावी योजनाएं। राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में 9 वर्षों के दौरान पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। खेती किसानी से लेकर नवाचार तक हर क्षेत्र में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है। आय में कई गुना वृद्धि हुई है तो निजी सेटेलाइट से अंतरिक्ष यात्रा भी हो रही है।
उन्होंने कहा कि जब वह 1998 में पहली बार सांसद बने थे तो हर सांसद को 100 रसोई गैस कनेक्शन का कोटा मिलता था। आज रसोई गैस कनेक्शन सबको आसानी से मिल रहा है। पात्र परिवारों को सरकार मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन दे रही है। यूपी में 1.74 करोड़ तथा देश में 3.5 करोड़ लोगों को उज्ज्वला योजना से मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन मिला है। इसी तरह पहले गरीबों को आवास के लिए 20 हजार रुपये ही मिलते थे। आज पीएम आवास योजना में ग्रामीण क्षेत्रों में 1.20 लाख रुपये, शौचालय के लिए 12 हजार मिलते हैं।
सीएम ने कहा कि मनरेगा के तहत 90 दिन की मजदूरी के बराबर मानदेय भी मिलता है। जिन्हें पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है उनके लिए मुख्यमंत्री आवास योजना शुरू की गई है। पीएम आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 2.50 लाख रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत यूपी में 52.77 लाख तथा देश में 3.5 करोड़ परिवारों को लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 वर्षों में कई स्कीमों से देशवासियों को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। यह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का साकार हुआ मंत्र है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी लाचारी में कहते थे कि सरकारी योजनाओं में 100 में से सिर्फ 15 पैसे गरीबों के पास पहुंचते थे।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बयान का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले 85 पैसे दलाल खा जाते थे। वृद्धा व विधवा पेंशन में भी कमीशनखोरी होती थी। आज पीएम मोदी ने ऐसी व्यवस्था की है कि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में पूरी रकम पहुंचती है। कहीं कोई सेंधमारी नहीं, भ्रष्टाचार पर नकेल कस दी गई है।









